जयपुर, चार अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अपने गठन के 175 दिन के भीतर 258 अभियान में अब तक लगभग 563 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई संपत्ति का मूल्य केवल नशीले पदार्थों से संबंधित है और इसमें जब्त किए गए वाहनों, हथियारों या कारखानों की लागत शामिल नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि सात अक्टूबर, 2025 को इस इकाई की शुरुआत के बाद से इसका यह प्रभावी प्रदर्शन है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विकास कुमार ने कहा कि एएनटीएफ ने पूरे राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के सभी प्रारूपों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
डीजीपी ने कहा, ‘‘ मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की गई है और गांजा तथा अफीम की अवैध खेती के पांच बड़े मामलों का भंडाफोड़ किया गया है।’’
उन्होंने कहा कि अवैध एमडी ड्रग निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ किया गया है, जिनमें से छह को एएनटीएफ टीमों द्वारा सीधे तौर पर अंजाम दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एएनटीएफ ने अफीम की तस्करी की पांच बड़ी खेपों को भी पकड़ा है और नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले 45 कुख्यात एवं वांछित तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है।
अधिकारियों के अनुसार एएनटीएफ की पूरे राज्य में 18 चौकियां, एक पुलिस थाना और एक मुख्यालय है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत