राजस्थान: कक्षा में छत का प्लास्टर गिरा, चार छात्राएं घायल
राजस्थान: कक्षा में छत का प्लास्टर गिरा, चार छात्राएं घायल
जयपुर, पांच मई (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल प्रखंड के अमरथून स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह कक्षा के भीतर छत का प्लास्टर गिरने से चार छात्राएं घायल हो गईं। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब कक्षा 11 की विज्ञान की छात्राएं पढ़ाई कर रही थीं और अचानक प्लास्टर गिर गया।
उन्होंने बताया कि मलबा टेबल पर गिरा जिसमें चार छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया । उन्होने बताया कि इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य अरुण व्यास ने बताया कि भवन जर्जर हालत में है और इस संबंध में कई बार शिकायतें की गई हैं।
उन्होंने कहा, “13 कमरों में से आठ खराब स्थिति में हैं, जिनमें तीन अत्यधिक असुरक्षित हैं और करीब दो साल पहले लगभग 10 लाख रुपये की लागत से उनकी मरम्मत कराई गई थी।”
जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित ने कहा कि तीन कमरों को बंद रखने और एहतियातन विद्यालय को दो शिफ्टों में चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन

Facebook


