राजस्थान सरकार मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक स्थलों को बना रही निशाना : अशोक गहलोत

राजस्थान सरकार मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक स्थलों को बना रही निशाना : अशोक गहलोत

राजस्थान सरकार मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक स्थलों को बना रही निशाना : अशोक गहलोत
Modified Date: June 21, 2026 / 10:39 pm IST
Published Date: June 21, 2026 10:39 pm IST

जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार अतिक्रमण रोधी अभियान की आड़ में पाकिस्तान सीमा से लगे राजस्थान के जिलों में मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक स्थलों को चुनिंदा रूप से निशाना बना रही है।

गहलोत ने दावा किया कि मई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे के बाद राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक ढांचों की पहचान कर उन्हें ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान के तहत कई दशकों पुराने धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, “राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में विभिन्न धर्मों के लोगों की आबादी होने के बावजूद ऐतिहासिक रूप से सांप्रदायिक सौहार्द बना रहा है और अलग-अलग आस्थाओं के पूजा स्थल शांतिपूर्वक साथ-साथ अस्तित्व में रहे हैं।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि क्षेत्र की कई मस्जिदों और दरगाहों का परंपरागत रूप से हिंदू समुदाय के लोगों द्वारा भी रखरखाव किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासी, जिनमें हिंदू भी शामिल हैं, इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।

गहलोत ने आरोप लगाया कि यह अभियान राजनीतिक ध्रुवीकरण पैदा करने और शांतिपूर्ण क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में असंतोष पैदा हुआ है और केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

गहलोत ने यह भी मांग की कि इस कार्रवाई को तत्काल रोका जाए।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक


लेखक के बारे में