जयपुर, 11 अगस्त (भाषा) राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के 183 अधिकारियों का मंगलवार को तबादला व पदस्थापन किया गया। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने यह आदेश जारी किया।
आदेश के तहत, मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेषाधिकारी योगेश कुमार श्रीवास्तव को जयपुर स्थित गंगानगर शुगर मिल्स लिमिटेड में महाप्रबंधक पद पर तैनात किया गया है।
वहीं राजस्थान आवासन मंडल में उपसचिव डॉ अशोक कुमार अब स्थानीय निकाय विभाग में अतिरिक्त निदेशक होंगे।
कार्मिक विभाग में उपशासन सचिव हरफूल पंकज को अलवर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर पद पर और राजसमंद के अतिरिक्त जिला कलेक्टर नरेश बुनकर को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) न्यायालय पाली पद पर तैनात किया गया है।
आदेश में पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे अनेक अधिकारियों को भी तैनाती दी गई है।
कार्मिक विभाग ने इससे पहले सोमवार देर रात भारतीय वन सेवा के 69 अधिकारियों के स्थानांतरण-पदस्थापन का आदेश जारी किया था।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र