राजस्थान : चूरू के एक होटल में गोलीबारी, होटल मालिक की मौत

राजस्थान : चूरू के एक होटल में गोलीबारी, होटल मालिक की मौत

राजस्थान : चूरू के एक होटल में गोलीबारी, होटल मालिक की मौत
Modified Date: March 3, 2026 / 07:05 pm IST
Published Date: March 3, 2026 7:05 pm IST

जयपुर, तीन मार्च (भाषा) राजस्थान के चूरू जिले में सोमवार देर रात एक होटल में हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें होटल मालिक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बिदासर क्षेत्र में हुई।

पुलिस ने बताया कि तीन बदमाश कथित तौर पर होटल में घुस आए और गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में होटल मालिक मनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों को गोली लगी। घायलों को देर रात इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद होटल को सील कर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंडा शराब और होटल व्यवसाय से जुड़े हुए थे। प्रारंभिक जांच से पता चला कि हत्या शराब व्यापार से जुड़े गुटों के बीच चल रही प्रतिद्वंद्विता से जुड़ी हो सकती है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि चूरू की इस घटना ने पूरे राजस्थान को हिला दिया है।

गहलोत ने कहा, “अपराधियों को कानून का कोई डर नहीं है। ऐसी निर्मम हत्याओं ने व्यापारियों और आम जनता में भय पैदा कर दिया है।”

गहलोत ने आरोप लगाया कि राज्यभर में खुलेआम हत्याओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने चूरू, नागौर और जोधपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री से शासन और कानून-व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

भाषा

बाकोलिया

रवि कांत


लेखक के बारे में