जयपुर, 17 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के पाली जिले में बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में 34 वर्षीय एक डॉक्टर की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बृहस्पतिवार को देर रात टीपी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में नया गांव रोड पर हुआ जब एक डंपर ने कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है और आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सहायक उप-निरीक्षक ओम प्रकाश चौधरी ने बताया कि डंपर कार के साथ-साथ चल रहा था कि अचानक मुड़ गया। कार चालक ने ब्रेक लगाए लेकिन कार डंपर से टकरा कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान जालौर जिले के दांता निवासी डॉ. शैलेश बिश्नोई (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पाली के धिंगाना के रहने वाले डॉ. गौरव सिंह (30) के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
भाषा पृथ्वी सिम्मी मनीषा
मनीषा