राजस्थान: युवक को बंधक बनाकर यातनाएं देने के मामले में छह लोग गिरफ्तार
राजस्थान: युवक को बंधक बनाकर यातनाएं देने के मामले में छह लोग गिरफ्तार
जयपुर, 17 मई (भाषा) राजस्थान में अजमेर जिले के एक गांव में रंजिश के चलते एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे यातनाएं देने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने दर्ज मामले के आधार पर बताया कि गगवाना गांव में जीतू नामक व्यक्ति को आरोपियों ने बंधक बनाकर पीटा, उसे जूतों-चप्पलों की माला पहनाई और पेशाब पीने के लिए विवश किया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित का परिवार गेगल थाने पहुंचा और पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (ग्रामीण) रामचंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम मामला दर्ज कर विशेष टीम बनाई गईं और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि अपराध में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं, तथा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
भाषा बाकोलिया संतोष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


