राजस्थान: विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पीबीएम अस्पताल में महिलाओं की प्रसव संबंधी जटिलताओं की जांच की
राजस्थान: विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पीबीएम अस्पताल में महिलाओं की प्रसव संबंधी जटिलताओं की जांच की
बीकानेर, 10 जून (भाषा) राजस्थान के जोधपुर मेडिकल कॉलेज की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बीकानेर में स्थित प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल में हाल ही में प्रसव के बाद महिलाओं में उत्पन्न जटिलताओं, विशेषकर गुर्दे संबंधी समस्याओं की जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि टीम स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश पर भेजी गई थी।
टीम ने देर रात अस्पताल के स्त्री रोग विभाग, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की।
सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के डॉ. प्रभु प्रकाश गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक विशेषज्ञ ने अलग-अलग अवलोकन किए हैं और अंतिम निष्कर्ष विस्तृत चर्चा के बाद ही सामने आएगा।
उन्होंने कहा, “मरीजों की देखभाल फिलहाल संतोषजनक है। लेकिन कारण पर टिप्पणी करना अभी जल्दबाजी होगी। निरीक्षण पूरा कर लिया गया है, रिपोर्ट तैयार करने में समय लगेगा।”
इससे पहले छह महिलाओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था, जिनमें से कुछ को डायलिसिस की आवश्यकता पड़ी।
मंत्री ने पहले ही स्पष्ट किया था कि बीकानेर का मामला कोटा की घटना से अलग है, जहां पांच महिलाओं की मौत हुई थी।
उन्होंने यह भी कहा था कि सभी प्रभावित महिलाओं का ‘सीजेरियन’ प्रसव नहीं हुआ था और अस्पताल में उपयोग की गईं दवाओं व चिकित्सा सामग्री के नमूनों की जांच की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ‘नेफ्रोलॉजी’, स्त्री रोग और मेडिसिन विभाग की टीम मिलकर मरीजों का इलाज कर रही हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मरीजों के परिजन ने आरोप लगाया कि महिलाएं प्रसव के बाद शुरू में सामान्य थीं लेकिन बाद में उनकी हालत बिगड़ गई, जैसे कि मूत्र की मात्रा कम होना जैसी जटिलताएं सामने आईं।
अधिकारियों ने कहा कि जांच जारी है और जटिलताओं का सही कारण विशेषज्ञ समिति की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीकानेर में स्वास्थ्य सेवाओं की कथित गिरावट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
भाषा बाकोलिया
जोहेब
जोहेब

Facebook


