बीकानेर, 30 अगस्त (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में एक कार दुर्घटना में दो दिन की नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम भड़ला गांव के पास हुआ, जब परिवार अस्पताल से मां और उसकी नवजात बच्ची को छुट्टी मिलने के बाद घर लौट रहा था।
बज्जू थाना प्रभारी चंद्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि फलोदी के मदासर गांव के रहने वाला परिवार कार से जा रहा था। इसी दौरान कार की एक कैंपर वाहन से टक्कर हो गई। इसके कुछ ही सेकंड बाद पीछे से आ रही एक एसयूवी ने भी कार को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर बज्जू के एक अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में नवजात बच्ची, उसकी नानी और एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बच्ची की मां बाधू देवी, उसके मामा मनीष और मामी मंजू देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घायलों का बीकानेर के प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल में इलाज जारी है।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत