जयपुर, छह मई (भाषा) जयपुर के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दो मासूम बच्चियों की पानी के टंकी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना जगन्नाथपुरी इलाके में हुई, जहां बच्चियां अपने किराए के मकान के पास बने एक अर्द्धनिर्मित घर के पानी से भरे टैंक में खेलते समय गिर गईं।
थाना प्रभारी महेंद्र यादव ने बताया कि दोनों बच्चियां शाम को खेलने निकली थीं और जब वे देर रात तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने आस—पास तलाश शुरू की।
यादव के अनुसार खोजबीन के दौरान बच्चियों की चप्पलें निर्माणाधीन मकान की टंकी के पास मिलीं और जब परिजनों ने टंकी में देखा तो दोनों वहां मिलीं।
उन्होंने बताया कि बच्चियों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बच्चियों की पहचान राधिका (5) और गोसिया (5) के रूप में हुई है। राधिका का परिवार बिहार से और गोसिया का परिवार उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखता है और दोनों जगन्नाथपुरी में किराए पर रहते हैं।
भाषा बाकोलिया मनीषा वैभव
वैभव