राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस प्रमुख खरगे के पास 38.76 करोड़ रुपये की संपत्ति
राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस प्रमुख खरगे के पास 38.76 करोड़ रुपये की संपत्ति
बेंगलुरु, छह जून (भाषा) कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया और हलफनामे में कुल 38.76 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की।
खरगे ने अपने हलफनामे में 11.37 करोड़ रुपये की चल संपत्ति घोषित की, जिसमें उनके नाम पर 6.60 करोड़ रुपये, उनकी पत्नी राधा बाई के नाम पर 4.41 करोड़ रुपये और हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के तौर पर 36.09 लाख रुपये शामिल हैं।
हलफनामे के मुताबिक, खरगे के पास 8.31 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति, उनकी पत्नी के पास 9.86 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और हिंदू अविभाजित परिवार के तौर पर 9.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिससे कुल अचल संपत्ति 27.39 करोड़ रुपये हो जाती है।
हलफनामे के अनुसार, चल और अचल संपत्तियों की कुल कीमत 38.76 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा, हलफनामे में बताया गया कि खरगे और उनकी पत्नी के पास लगभग 2.04 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और चांदी के बर्तन हैं।
हलफनामे में यह भी बताया गया कि दंपति के पास कलबुर्गी में कृषि भूमि और बेंगलुरु में अन्य संपत्तियां भी हैं।
हलफनामे के अनुसार, खरगे ने 10 लाख रुपये की स्वयं की देनदारी घोषित की, जिसमें उनके खिलाफ पांच लंबित आपराधिक मामलों का भी उल्लेख है, जिनमें से चार प्राथमिकियां असम में दर्ज हैं।
ये मामले राजनीतिक भाषणों के दौरान दिए गए बयानों से शत्रुता को बढ़ावा देने के आरोपों से संबंधित हैं।
खरगे ने शुक्रवार को विधान सौध में कर्नाटक से राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन पत्र विधानसभा सचिव एम.के. विशालाक्षी को सौंपे गए।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


