रिफाइनरी परियोजना से युवाओं को मिलेगा रोजगार: भजनलाल शर्मा

रिफाइनरी परियोजना से युवाओं को मिलेगा रोजगार: भजनलाल शर्मा

रिफाइनरी परियोजना से युवाओं को मिलेगा रोजगार: भजनलाल शर्मा
Modified Date: April 13, 2026 / 10:06 pm IST
Published Date: April 13, 2026 10:06 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

जयपुर, 13 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का दौरा किया और 21 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा से पहले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

शर्मा ने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण होगा क्योंकि प्रधानमंत्री देश की पहली ‘इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ का उद्घाटन करने वाले हैं।

उन्होंने कहा, “यह रिफाइनरी देश और राज्य दोनों को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी तथा राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी।”

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कच्चा तेल आसवन इकाई और रिफाइनरी के मुख्य नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से संचालन की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगी।

प्रधानमंत्री उद्घाटन के दिन एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

शर्मा ने प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, विशेषकर सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पेयजल, बैठने की व्यवस्था और पार्किंग सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के बीच समन्वय पर जोर दिया।

इस दौरान पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग राज्य मंत्री के के बिश्नोई, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और डीजीपी राजीव कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में