रेखा गुप्ता व मंत्रियों ने असम और बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न रसगुल्ले व झालमुड़ी खाकर मनाया
रेखा गुप्ता व मंत्रियों ने असम और बंगाल में भाजपा की जीत का जश्न रसगुल्ले व झालमुड़ी खाकर मनाया
(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने असम और पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जश्न यहां अपने कैनिबेट सहयोगियों के साथ झालमुड़ी और रसगुल्ला खाकर मनाया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय स्थित अपने कार्यालय की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट की है जिसमें वह कैबिनेट मंत्रियों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, मंजिंदर सिंह सिरसा और रवींद्र इंद्रराज सिंह के साथ झालमुड़ी और रसगुल्ला खिलाती हुई दिख रही हैं।
उन्होंने इस ‘प्रचंड जीत की बधाई’ देते हुए कहा, ‘जीत का जश्न, झालमुड़ी और रसगुल्ला के संग’।
गुप्ता ने कहा, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश का हर राज्य भगवामय हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि असम में यह भाजपा की ‘हैट्रिक’ जीत है जबकि पश्चिम बंगाल में भी भाजपा सरकार बन रही है।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि भाजपा आखिरकार पश्चिम बंगाल में अपनी सरकार बना रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैबिनेट सहयोगियों के साथ पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया।
सूद ने कहा, “ बंगाल जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है। बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने का सपना आखिरकार साकार हो गया है। इस निर्णायक चुनावी जीत ने भाजपा को एकमात्र अखिल भारतीय पार्टी के रूप में स्थापित कर दिया है।”
उन्होंने कहा, “आंतरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से, राज्य वास्तव में महत्वपूर्ण है। इसकी एक बड़ी खुली सीमा है जहां से घुसपैठ होती है।”
सूद ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व पर अपना भरोसा जताया है।
भाजपा ने असम में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है जबकि पश्चिम बंगाल में पार्टी ने ममता बनर्जी के 15 साल के राज को खत्म कर दिया है। वहीं, पुडुचेरी में अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस (एआईएनआरसी) के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दोबारा सरकार बन रहा है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


