गणतंत्र दिवस: इस महीने आठ दिनों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा

Ads

गणतंत्र दिवस: इस महीने आठ दिनों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा

  •  
  • Publish Date - January 18, 2023 / 08:26 PM IST,
    Updated On - January 18, 2023 / 08:26 PM IST

नयी दिल्ली, 18 जनवरी (भाषा) गणतंत्र दिवस की तैयारियों और समारोहों के मद्देनजर इस महीने आठ दिनों के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा।

राजधानी में 19 से 24 जनवरी के साथ-साथ 26 और 29 जनवरी को हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा।

‘नोटिस टू एयरमैन’ (एनओटीएएम) के अनुसार 19 जनवरी से 24 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह दस बजे से अपराह्न एक बजकर 15 मिनट तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस अवधि के दौरान विशेष विमानों को दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान भरने या उतरने की अनुमति नहीं होगी।

इस दौरान निर्धारित उड़ानें प्रभावित नहीं होंगी।

गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को सुबह साढ़े आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक और अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक विमानों के उतरने या रवाना होने पर रोक रहेगी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा जारी एनओटीएएम के अनुसार ‘बीटिंग द रिट्रीट’ समारोह के दिन 29 जनवरी को अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक दिल्ली हवाई अड्डे पर किसी भी विमान के उतरने या रवाना होने की अनुमति नहीं होगी।

भाषा

देवेंद्र अविनाश

अविनाश