( तस्वीर सहित )
चेन्नई, 26 जनवरी (भाषा) तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने देश के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में शुक्रवार को यहां राष्ट्रध्वज फहराया और इस अवसर पर सशस्त्र बलों एवं राज्य पुलिस की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया एवं तमिल गौरव को दर्शाने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
पारंपरिक परेड के अलावा ओडिशा, मणिपुर और कर्नाटक की झांकियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ध्यान आकर्षित किया। क्रांतिकारी तमिल कवि भारतीदासान के ‘तमिझुकुम अमुधु एंड्रू पेर’ गीत की थीम पर छात्रों द्वारा पेश किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे।
गणतंत्र दिवस समारोह मरीना समुद्र तट के निकट कामराजार सलाई पर आयोजित किया गया।
राज्यपाल रवि ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के युगांतरकारी आयोजन ने पूरे देश को उत्साहित किया है।
रवि ने कहा, ‘‘श्री राम का तमिलनाडु से गहरा रिश्ता है। उनकी कहानी ने संगम काल से ही तमिल साहित्य को प्रेरित एवं समृद्ध किया है, यह कर्नाटक संगीत की आत्मा है और इसने हमारे शास्त्रीय नृत्य को समृद्ध किया है।’’
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा