जल जीवन मिशन घोटाला मामले में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल गिरफ्तार

Ads

जल जीवन मिशन घोटाला मामले में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 07:43 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 07:43 PM IST

जयपुर, नौ अप्रैल (भाषा) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को करोड़ों रुपये के जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाला मामले में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को नयी दिल्ली से गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की।

जयपुर की एक अदालत ने लंबे समय से फरार अग्रवाल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया, “जल जीवन मिशन भ्रष्टाचार मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चार और गिरफ्तारियां लंबित थीं, जिनमें से एक आरोपी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है।”

गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गणपति ट्यूबवेल्स और श्याम ट्यूबवेल्स नामक कंपनियों ने निविदा प्रक्रिया में फर्जी प्रमाण—पत्र जमा किए और संबंधित अधिकारियों ने जानकारी होने के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया में एक विशेष शर्त से कंपनियों की पहचान उजागर हुई, जो अनुचित थी।

उन्होंने कहा कि एसीबी ने अग्रवाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ स्थायी वारंट प्राप्त किए हैं तथा अब उनकी गाड़ियों की नीलामी की जाएगी और संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।

महानिदेशक ने बताया कि अग्रवाल को अदालत में पेश किया जाएगा।

पहले अग्रवाल के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। वह उस समय जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) में अतिरिक्त मुख्य सचिव थे, जब कथित घोटाला पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ था।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार

ताजा खबर