रेवंत रेड्डी ने मोदी की आलोचना की, विदेश नीति के मोर्चे पर केंद्र के ‘विफल’ होने का दावा किया
रेवंत रेड्डी ने मोदी की आलोचना की, विदेश नीति के मोर्चे पर केंद्र के ‘विफल’ होने का दावा किया
हैदराबाद, 11 मई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उनकी उस अपील को लेकर निशाना साधा जिसमें सोने की खरीद स्थगित करने जैसे उपाय अपनाकर विदेशी मुद्रा बचाने की बात कही गई है।
रेड्डी ने आरोप लगाया कि यह विदेश नीति के मोर्चे पर केंद्र सरकार की ‘विफलताओं’ को छिपाने का एक प्रयास है।
रेड्डी ने दावा किया कि मोदी इस तरह की टिप्पणियों के जरिए सोने की खरीद पर एक तरह से अनौपचारिक प्रतिबंध लगा रहे हैं।
उन्होंने यहां मीडियाकर्मियों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा, “केंद्र सरकार विदेश नीति के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है। उसे पश्चिम एशिया संघर्ष के परिणामों से निपटने के लिए एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए। सरकार को आम सहमति बनानी चाहिए और विशेषज्ञों से परामर्श करना चाहिए।”
रविवार को हैदराबाद में एक आधिकारिक समारोह में मोदी द्वारा दिए गए ‘मेरे साथ जुड़ें’ वाले बयान का उल्लेख करते हुए रेड्डी ने कहा कि इस घटना या इसके संदर्भ में कोई राजनीति नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं के लिए शीघ्र मंजूरी देने के उनके अनुरोध का जवाब दे रहे थे और उन्होंने राज्य को केंद्र के विकास प्रयासों में शामिल होने का सुझाव दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र का सहयोग उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा, हालांकि कुछ राज्य परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है।
मोदी द्वारा कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस’ (एमएमसी) कहे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए रेड्डी ने आरोप लगाया कि भाजपा ‘ब्रिटिश जनता पार्टी’ की तरह काम करती है और लोगों को बांटने में विश्वास रखती है।
भाषा अमित संतोष
संतोष

Facebook


