राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक
राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक
जयपुर, नौ मार्च (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए राज्य पुलिस के अधिकारियों के साथ सोमवार को एक समीक्षा बैठक की।
यह समीक्षा बैठक पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित हुई, जहां अधिकारियों ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित मामलों और इनके सिलसिले में की गई कार्रवाई की प्रगति पर चर्चा की।
इस बैठक में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए तंत्र को मजबूत करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया। प्राप्त शिकायतों की स्थिति, उनके निस्तारण के प्रयास और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) हर्षवर्धन अग्रवाल ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की स्थिति, प्राप्त शिकायतों की संख्या और उनके समाधान के लिए उठाए गए कदमों पर प्रस्तुति दी।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रहाटकर ने समीक्षा बैठक के दौरान विकास कार्यों का जायजा लिया और कुछ सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए राज्य में लागू विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा की।
इस बैठक में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
भाषा
बाकोलिया
रवि कांत

Facebook


