आरजी कर घटना: सीबीआई ने पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के करीबी सहयोगी से की पूछताछ

आरजी कर घटना: सीबीआई ने पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के करीबी सहयोगी से की पूछताछ

आरजी कर घटना: सीबीआई ने पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के करीबी सहयोगी से की पूछताछ
Modified Date: September 21, 2024 / 03:00 pm IST
Published Date: September 21, 2024 3:00 pm IST

कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष के कथित करीबी एक अन्य चिकित्सक से शनिवार को पूछताछ प्रारंभ की। सीबीआई के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बिरुपक्ष बिस्वास साल्ट लेक इलाके में सीजीओ कॉम्प्लेक्स कार्यालय में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। बिस्वास को हाल ही में पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने बर्दवान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से दक्षिण 24 परगना जिले के सुदूर काकद्वीप अस्पताल में स्थानांतरित किया था।

सीबीआई अधिकारी ने बताया कि बिस्वास कथित तौर पर मेडिकल कॉलेजों में सक्रिय ‘उत्तर बंगाल लॉबी’ का हिस्सा हैं और उन्हें नौ अगस्त को आरजी कर अस्पताल में देखा गया था। उसी दिन महिला प्रशिक्षु चिकित्सक का शव अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था।

पश्चिम बंगाल के चिकित्सक सरकारी चिकित्सा प्रतिष्ठानों में तैनात चिकित्सकों और अधिकारियों के एक समूह को ‘उत्तर बंगाल लॉबी’ कह रहे हैं जिन्होंने कथित तौर पर छात्रों को धमकाया था।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उनसे नौ अगस्त को आरजी कर अस्पताल में उनकी मौजूदगी के बारे में पूछताछ की जा रही है क्योंकि उस दिन उनका वहां कोई आधिकारिक कार्यक्रम भी नहीं था, साथ ही अन्य प्रश्न भी पूछे जा रहे हैं।’’

बिस्वास और दो अन्य चिकित्सकों – अविक डे और रंजीत साहा के खिलाफ पश्चिम बंगाल के विभिन्न मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में छात्रों को कथित रूप से धमकाने के आरोप में बहुबाजार पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में