बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी दिल्ली को ‘अपराध की राजधानी’ बना रही : कांग्रेस
बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी दिल्ली को ‘अपराध की राजधानी’ बना रही : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने राष्ट्रीय राजधानी को “अपराध की राजधानी” बनने की ओर धकेल दिया है। उसने कहा कि आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की बढ़ती कीमतें आम लोगों को बुरी तरह से प्रभावित कर रही हैं।
दिल्ली कांग्रेस कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, दूध और ब्रेड की कीमतों में लगातार वृद्धि ने घरेलू बजट को “पूरी तरह से बिगाड़ दिया” है, जिससे खास तौर पर गरीब, मध्यम वर्ग, वेतनभोगी कर्मचारी और छोटे व्यापारी प्रभावित हुए हैं।
भारद्वाज ने दावा किया कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण दिल्ली में चोरी-डकैती, अपहरण, मादक पदार्थों के इस्तेमाल और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है, जबकि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।
भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में सीएनजी की कीमत में चरणबद्ध तरीके से वृद्धि की गई है, जो 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।
उन्होंने ब्रेड की कीमतों में वृद्धि का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतें परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही हैं।
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


