जम्मू कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा के लिए आरपीएफ कमांडो तैनात
जम्मू कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा के लिए आरपीएफ कमांडो तैनात
जम्मू, 30 अप्रैल (भाषा) जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस की सुरक्षा के लिए 327 किलोमीटर लंबी जम्मू-कटरा-श्रीनगर-बारामूला रेल मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कमांडो सहित 21 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यहां बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में 20 डिब्बों वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन का परिचालन शुरू होने से जम्मू और श्रीनगर के बीच यात्रा की अवधि घट कर पांच घंटे हो जाने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे सुरक्षा बल सेवा के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पीसीएससी) पंकज गंगवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज से जम्मू से इस सेवा की शुरुआत हो रही है। नियमित परिचालन दो मई से शुरू होगा।’’
उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन और वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
गंगवार ने बताया, ‘शुरुआती सुरक्षा के लिए हमने 21 सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। टीम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के आठ कमांडो भी शामिल हैं, जो पूरे मार्ग पर सुरक्षा प्रदान करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि ये कमांडो अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं।
अधिकारी ने बताया कि हर दो किलोमीटर पर सुरक्षा चौकियां स्थापित की गई हैं।
उन्होंने सुरंग की सुरक्षा को लेकर बताया कि सुरंग नियंत्रण संबंधी एक प्रणाली स्थापित की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने जैसी किसी भी असामान्य गतिविधि का पता लगाने के लिए सेंसर लगाये गए हैं।’’
इसके अलावा, आपात स्थिति में फंसे यात्रियों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए आपातकालीन सुरंगें बनाई गई हैं।
आरपीएफ कमांडो को ‘कोरस’ भी कहा जाता है। उन्हें पिछले साल, कश्मीर घाटी और कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि लगभग 43,780 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 327 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन में 36 सुरंगें और 943 पुल शामिल हैं।
भाषा
प्रचेता सुभाष
सुभाष

Facebook


