आरपीएससी के अधिकारी ने फांसी लगाकर कथित आत्महत्या की

आरपीएससी के अधिकारी ने फांसी लगाकर कथित आत्महत्या की

आरपीएससी के अधिकारी ने फांसी लगाकर कथित आत्महत्या की
Modified Date: November 29, 2022 / 08:04 pm IST
Published Date: May 5, 2022 8:11 pm IST

जयपुर, पांच मई (भाषा) राजस्थान में अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बापूनगर इलाके में रहने वाले राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के एक अधिकारी़ ने घर में फांसी लगाकर कथित आत्महत्या कर ली।

पुलिस उपाधीक्षक छवि शर्मा ने बताया कि आरपीएससी के सहायक सचिव अजय कपूर (58) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है जिसमें उन्होंने मर्जी से आत्महत्या करने की बात कही है।

शर्मा ने बताया कि मृतक अधिकारी बुधवार रात को अकेले जयपुर से एक पारिवारिक समारोह में भाग लेने के बाद अजमेर लौटे थे जबकि परिवार के अन्य सदस्य बृहस्पतिवार दोपहर जयपुर से लौटे।

उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों ने प्रारंभिक पूछताछ में किसी पर भी आशंका जाहिर नहीं की है।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। शर्मा ने बताया कि शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

भाषा कुंज बिहारी धीरज

धीरज


लेखक के बारे में