आरपीएससी ने आरएएस परीक्षा 2024 के परिणाम जारी किए

आरपीएससी ने आरएएस परीक्षा 2024 के परिणाम जारी किए

आरपीएससी ने आरएएस परीक्षा 2024 के परिणाम जारी किए
Modified Date: April 18, 2026 / 04:49 pm IST
Published Date: April 18, 2026 4:49 pm IST

जयपुर, 18 अप्रैल (भाषा) जयपुर, 18 अप्रैल (भाषा) राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2024 के अंतिम परिणाम शनिवार को घोषित कर दिए।

आयोग ने मुख्य परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पूरे होने के ठीक एक दिन बाद ही यह परिणाम जारी किया है। यह हाल ही के वर्षों में भर्ती प्रक्रिया को सबसे तेजी से पूरा किए जाने का एक उदाहरण भी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी।

आयोग की ओर से जारी वरीयता सूची में बाड़मेर के दिनेश बिश्नोई ने 351.50 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि जैसलमेर के वीरेंद्र चारण सिर्फ आधे अंक के मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 351 अंक प्राप्त किए।

इसके अनुसार बिश्नोई ने लिखित परीक्षा में सर्वाधिक 302.50 अंक प्राप्त किए जबकि चारण ने साक्षात्कार में उनसे नौ अंक अधिक प्राप्त किए। बिश्नोई को साक्षात्कार में 49 अंक मिले, जबकि चारण को 58 अंक मिले।

बालोतरा जिले के धोरीमन्ना उप-मंडल के भाली सर गांव के रहने वाले बिश्नोई ने अपने दूसरे प्रयास में शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे पहले उन्होंने पिछली आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) परीक्षा में 57वां स्थान हासिल किया था और वर्तमान में जयपुर में पुलिस सेवा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

बिश्नोई ने अपनी सफलता का श्रेय लगातार कड़ी मेहनत, नियमित अध्ययन और अपने माता-पिता तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ता और समर्पण ही कुंजी हैं।

जयपुर के उम्मीदवारों में कुलदीप शर्मा ने 12वां स्थान, तनीषा यादव ने 19वां और वृंदा शेखावत ने 20वां स्थान हासिल किया।

वरीयता सूची में शीर्ष 20 अभ्यर्थियों में से सात पश्चिमी जिलों – बाड़मेर, बालोतरा, बीकानेर, जैसलमेर और अनूपगढ़ – से हैं जबकि तीन जयपुर से हैं। शीर्ष 20 उम्मीदवारों की सूची में चार महिलाएं हैं। इनमें बीकानेर की ऐश्वर्या कंवर (रैंक 6), अनूपगढ़ की शालू (रैंक 8), तथा जयपुर की तनीषा यादव (रैंक 19) और वृंदा शेखावत (रैंक 20) है।

जैसलमेर में पोकरण क्षेत्र के रामपुरीया गांव के वीरेंद्र चारण ने वरीयता सूची में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। पुलिस विभाग में एक हेड कांस्टेबल के बेटे वीरेंद्र वर्तमान में पिछली परीक्षा में तहसीलदार के पद पर चयनित होने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शालू अनूपगढ़ के एक किसान परिवार से हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पहली ही कोशिश में, खुद से पढ़ाई करके 8वीं रैंक हासिल की।

मुख्यमंत्री शर्मा ने उम्मीदवारों को बधाई दी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,’ आपकी कड़ी मेहनत, धैर्य और समर्पण ने आज यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी पूर्ण निष्ठा और सेवा भाव से ‘अग्रणी राजस्थान’ के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे।’

उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा के लिए आयोग ने सितंबर 2024 में अधिसूचना जारी की थी ओर अंतिम नतीजे आने तक की पूरी प्रक्रिया एक साल सात महीने के रिकॉर्ड समय में पूरी कर ली गई। यह परीक्षा कुल 1,096 पदों के लिए आयोजित की गई थी जिसमें राज्य सेवाओं के तहत 428 पद और संबद्ध सेवाओं के तहत 668 पद शामिल हैं।

इसमें राज्य सेवाओं में प्रशासनिक सेवा के 59 पद, पुलिस सेवा के 81 पद और लेखा सेवा के 116 पद शामिल हैं।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में