मुरादाबाद मंडल में 712 किमी रेलमार्ग पर ‘कवच’ लगाने के लिए 170 करोड़ रु मंजूर

मुरादाबाद मंडल में 712 किमी रेलमार्ग पर ‘कवच’ लगाने के लिए 170 करोड़ रु मंजूर

मुरादाबाद मंडल में 712 किमी रेलमार्ग पर ‘कवच’ लगाने के लिए 170 करोड़ रु मंजूर
Modified Date: September 1, 2026 / 03:20 pm IST
Published Date: September 1, 2026 3:20 pm IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) उत्तर रेलवे ने मुरादाबाद मंडल के 712 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 170 करोड़ रुपये की लागत से स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने को मंजूरी दी है।

रेलवे ने कहा कि इस प्रणाली के लागू होने से ट्रेन संचालन में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो जाएगी।

रेल मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इस स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (एटीपी) की तैनाती से मंडल का रेल सुरक्षा ढांचा मजबूत होगा। चिन्हित रेल खंडों पर ‘कवच 4.0’ लागू होने से ट्रेन संचालन के लिए सुरक्षा की एक उन्नत व्यवस्था उपलब्ध होगी।’’

‘कवच’ स्वदेश में विकसित स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली है जिसे रेल परिचालन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है।

यह प्रणाली ट्रेन के लाल सिग्नल पार करने की स्थिति में जरूरत पड़ने पर स्वत: ब्रेक लगाकर दुर्घटना की आशंका को रोकने में मदद करती है। गंभीर परिस्थितियों में यह ट्रेन की गति को भी नियंत्रित कर सकती है और टक्कर के खतरे को काफी कम कर सकती है।

उत्तर रेलवे ने कहा, ‘‘यह पहल देशभर के रेल नेटवर्क पर ‘कवच’ का दायरा बढ़ाने तथा रेल सिग्नल प्रणाली और ट्रेन सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के भारतीय रेलवे के लगातार प्रयासों का हिस्सा है।’’

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में