79,459 करोड़ रुपए की पचपदरा रिफाइनरी से ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती:भजनलाल शर्मा
79,459 करोड़ रुपए की पचपदरा रिफाइनरी से ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती:भजनलाल शर्मा
जयपुर, नौ अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रैल को राजस्थान में बालोतरा के पचपदरा में देश की पहली एकीकृत ‘रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ का उद्घाटन करेंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को दी।
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी परियोजना ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी और राज्य में आर्थिक विकास को गति देगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के लिए व्यापक इंतज़ाम सुनिश्चित किए जाएं, जिनमें बैठने की व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, बिजली आपूर्ति, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा शामिल हों।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री इस दौरान एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और रिफाइनरी से एलपीजी टैंकरों को हरी झंडी दिखाएंगे।
शर्मा ने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) कॉम्प्लेक्स पेट्रोल और डीज़ल के साथ-साथ कई पेट्रोरसायन उत्पाद भी तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करेगी और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर पैदा करेगी।
अधिकारियों के अनुसार, रिफाइनरी की संशोधित लागत 79,459 करोड़ रुपए है और इसकी वार्षिक परिशोधन क्षमता नब्बे लाख मीट्रिक टन है। लगभग 4,400 एकड़ में फैली यह परियोजना राजस्थान क्रूड और आयातित क्रूड का मिश्रण प्रोसेस करेगी। एलपीजी का वाणिज्यिक उत्पादन पहले ही शुरू हो चुका है।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


