आरएसएस नेता होसबाले ने युवतियों से एबीवीपी की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया
आरएसएस नेता होसबाले ने युवतियों से एबीवीपी की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने रविवार को युवतियों से उसके छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
होसबाले ने कहा कि एबीवीपी के विचारक और संगठनात्मक चिंतनशील यशवंतराव केलकर ने महिला भागीदारी, छात्राओं की पूर्णकालिक सहभागिता और छात्र संगठनों में रचनात्मक कार्य की पुरजोर वकालत की थी।
उन्होंने बताया कि केलकर ने छात्र संगठन की विचारधारा और संगठनात्मक संरचना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरएसएस नेता एबीवीपी की दिल्ली इकाई द्वारा केलकर की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में केदारनाथ साहनी सभागार में आयोजित ‘प्रिय केलकर जी’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
होसबाले ने कहा कि केलकर ने ‘‘छात्र आंदोलन का दर्शन’’ विकसित किया और समझाया कि ऐसे संगठन का वैचारिक आधार और विचार प्रक्रिया क्या होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, विद्यार्थी परिषद तीन आयामों के माध्यम से कार्य करती है – रचनात्मक कार्य, प्रतिनिधि कार्य और आंदोलनकारी कार्य।’’
एबीवीपी के प्रमुख संस्थापकों में गिने जाने वाले केलकर को संगठन की वैचारिक रूपरेखा तैयार करने और छात्र सक्रियता के साथ-साथ रचनात्मक सामाजिक कार्य पर जोर देने का श्रेय दिया जाता है।
आरएसएस नेता ने कहा कि केलकर ने कभी अपने विचार दूसरों पर नहीं थोपे।
भाषा शफीक सुरभि
सुरभि

Facebook


