समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे संस्करण का संकेत दिया, विवाद पर भी की बात

समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे संस्करण का संकेत दिया, विवाद पर भी की बात

समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे संस्करण का संकेत दिया, विवाद पर भी की बात
Modified Date: April 8, 2026 / 02:09 pm IST
Published Date: April 8, 2026 2:09 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) हास्य कलाकार समय रैना ने अपने विवादित शो “इंडियाज़ गॉट लेटेंट” के दूसरे संस्करण की शुरुआत का संकेत दिया है। अपने नए शो ‘स्टिल अलाइव’ के दौरान उन्होंने उस विवाद पर भी बात की, जिसके कारण उनके और शो में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कई प्राथमिकियां दर्ज की गई थीं।

पिछले साल फरवरी में “इंडियाज़ गॉट लेटेंट” शो के दौरान यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के एक चुटकुले के बाद देशभर में विवाद खड़ा हो गया था।

नए स्टैंडअप शो में रैना ने जॉर्ज ऑरवेल और अपनी कश्मीरी पंडित विरासत का जिक्र करते हुए उस पूरे विवाद के बाद की स्थिति पर बात की, जिसकी वजह से उन्हें यूट्यूब से पूरा शो हटाना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मेरा शो इससे बड़े स्तर पर खत्म हो सकता था।’

उन्होंने कहा, ‘मैं यह शो जरूर वापस लाऊंगा, क्योंकि मुझे वह पसंद था। मैं एक खुला और बेरोकटोक वाला शो करना चाहता हूं और आप सेंसर के बाद उसका सॉफ्ट वर्जन देखेंगे।’

इस दौरान रैना (28) ने बताया कि वह उस समय टूट गए थे, जब उन्होंने अपने दोस्त और शो के वेन्यू हैबिटेट क्लब के मालिक बलराज सिंह घई के माता-पिता को इस विवाद में फंसते देखा।

उन्होंने कहा, ‘रणवीर को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, उनका परिवार डरा हुआ था और लोग मुझे मैसेज कर रहे थे- ‘भाई, क्या हुआ?’ मुझे बहुत ग्लानि महसूस हो रही थी कि मैंने जो अपलोड किया, उसकी वजह से यह सब हुआ… फिर मैंने बलराज की पत्नी का भेजा हुआ एक वीडियो देखा और मैं पूरी तरह टूट गया।’

रैना ने बताया कि वीडियो में 70 साल से ज्यादा उम्र के घई के बुजुर्ग माता-पिता पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ा रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘उन्हें देखकर मैं पूरी तरह टूट गया और रोने लगा।’

रैना ने यह भी कहा कि जब उनकी मां ने उन्हें फोन किया, तो वह इतने परेशान थे कि उन्होंने पहले कॉल नहीं उठाया, लेकिन बाद में बात करने पर उनकी मां डर और चिंता के कारण कांप रही थीं।

उन्होंने इस विवाद में घिरीं और कई प्राथमिकी में नामजद अपूर्वा माखीजा का भी जिक्र किया। रैना के मुताबिक, वह सिर्फ एक महिला-विरोधी टिप्पणी का जवाब दे रही थीं।

रैना ने कहा, ‘अब मेरे खिलाफ तीन प्राथमिकियां दर्ज हैं। मुझे हमेशा लगता था कि मैं अपनी कही हुई किसी बात के लिए फंस जाउंगा, लेकिन उस एपिसोड में मैंने कुछ कहा ही नहीं था, मैं सिर्फ एक कोने में बैठा था। हम कश्मीरी लोग हमेशा बीच में पिस जाते हैं।’

भाषा जोहेब वैभव

वैभव


लेखक के बारे में