सरपंच देशमुख हत्याकांड: बीड में चल रही ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारी, सबकी नजरें मस्साजोग पर टिकीं
सरपंच देशमुख हत्याकांड: बीड में चल रही ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारी, सबकी नजरें मस्साजोग पर टिकीं
बीड, 22 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में आगामी ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं, ऐसे में सबकी निगाहें मस्साजोग गांव पर होंगी, जहां सरपंच संतोष देशमुख की सनसनीखेज हत्या के बाद उपचुनाव होने जा रहे हैं।
केज तहसील के मस्साजोग में उपचुनाव पूरे जिले में व्यापक चुनाव अभियान का हिस्सा है। जिले की 48 ग्राम पंचायतों में 22 सरपंच पदों सहित 88 सीट के लिए 28 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 29 अप्रैल को होगी।
देशमुख की नौ दिसंबर, 2024 को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि उनकी हत्या इसलिए कर दी गयी, क्योंकि तीन दिन पहले इलाके में एक पवन ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली के प्रयास का उन्होंने विरोध किया था। देशमुख की हत्या के बाद बड़े पैमाने पर आक्रोश फैल गया था।
बाद में, महाराष्ट्र के तत्कालीन मंत्री और राकांपा नेता धनंजय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड को हत्या के मुख्य षड्यंत्रकारी के तौर पर नामजद किया गया। विपक्ष के बढ़ते दबाव के बीच, मुंडे ने भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार से इस्तीफा दे दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह देखा जाना बाकी है कि लगभग 2,000 की आबादी वाले मस्साजोग गांव में दिवंगत ग्रामप्रधान के सम्मान में नए सरपंच को निर्विरोध चुना जाएगा या नहीं। उन्होंने कहा कि उनकी विधवा या परिवार के किसी अन्य सदस्य को इस पद के लिए उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
संतोष के भाई धनंजय देशमुख वर्तमान में गांव में सक्रिय हैं।
एक स्थानीय निवासी ने कहा, “जिले की अब इस बात पर नजर है कि क्या गांव एकजुट होकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए निर्विरोध उत्तराधिकारी का चुनाव करेगा, या फिर कोई विपक्षी उम्मीदवार देशमुख परिवार की विरासत को चुनौती देने के लिए उभरेगा।”
इस बीच, हत्या के बाद चल रही कानूनी कार्यवाही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
मुख्य आरोपी कराड की जमानत याचिका हाल में अदालत से खारिज होने के बाद वह बीड की जेल में ही है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सुदर्शन घुले, प्रतीक घुले, जयराम चाटे, सुधीर सांगले और महेश केदार बीड में हैं, जबकि विष्णु चाटे लातूर जिले की जेल में है।
एक आरोपी, कृष्णा अंधाले, अब भी फरार है।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप

Facebook


