सिंधिया ने शिवपुरी में महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए अदाणी विकास केंद्र का उद्घाटन किया
सिंधिया ने शिवपुरी में महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देने के लिए अदाणी विकास केंद्र का उद्घाटन किया
बदरवास (मध्यप्रदेश), 26 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में एक अदाणी विकास केंद्र का उद्घाटन किया है जिसका उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को बढ़ावा देना है।
बदरवास में करीब 48,000 वर्ग फुट में फैले इस केंद्र में 600 आधुनिक सिलाई मशीन होंगी और इसमें प्रशिक्षण व उत्पादन की सुविधा भी होगी।
सिंधिया ने शनिवार को इस अवसर पर कहा, ‘‘हम बदरवास में देख रहे हैं कि यहां आकांक्षाओं को आकार मिल रहा है। मैं अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी और अदाणी फाउंडेशन को एक ऐसा मंच तैयार करने के लिए बधाई देता हूं जहां कौशल वैश्विक बाजारों तक पहुंच सकता है।’’
एक बयान में कहा गया कि अदाणी फाउंडेशन के ‘स्वाभिमान’ कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे भारत में दस लाख महिलाओं को स्थायी आजीविका से जोड़ना है।
बयान के मुताबिक जैसे-जैसे इस केंद्र का विस्तार होगा, लगभग 1,500 महिलाएं इससे जुड़ जाएंगी और एक स्थिर आय अर्जित कर सकेंगी।
बयान में कहा गया इस पहल का उद्देश्य स्थानीय आर्थिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करते हुए उनकी आय में सुधार करना, अनौपचारिक काम पर निर्भरता को कम करना और पलायन को रोकना है।
भाषा ब्रजेन्द्र खारी
खारी

Facebook


