नयी दिल्ली/चेन्नई, 21 मार्च (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (एएमएमके) के महासचिव टी.टी.वी. दिनाकरन ने शनिवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी मुलाकात के दौरान आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को हराने की रणनीति पर चर्चा की।
दिनाकरन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता के साथ हुई इस बैठक में बातचीत इस बात पर केंद्रित रही कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों को राज्य की सभी 234 विधानसभा सीट पर एकजुट होकर काम करना चाहिए और चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने (शाह) कुछ निर्देश और सलाह दी है। मैं यहां उसी के लिए आया था।’’
दिनाकरन ने कहा कि वह मुख्य रूप से इसी उद्देश्य से केंद्रीय गृह मंत्री से मिले थे और सीट बंटवारे को अगले दो से तीन दिनों में चेन्नई में सौहार्दपूर्ण ढंग से अंतिम रूप दिया जाएगा।
एएमएमके प्रमुख ने कहा, ‘‘हम भ्रष्ट द्रमुक सरकार के खिलाफ लड़ेंगे। जनता हमारे साथ है। हम निश्चित रूप से जीतेंगे और तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व में राजग की सरकार बनाएंगे।’’
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की उस आलोचना पर कि ई. पलानीस्वामी बार-बार दिल्ली जाकर भाजपा नेताओं से मुलाकात करते हैं और इससे यह धारणा मजबूत होती है कि आगामी चुनाव तमिलनाडु बनाम दिल्ली की लड़ाई है, दिनाकरन ने कहा, ‘‘क्यों, क्या आपको हमारा दिल्ली आना पसंद नहीं है?’’
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप