सुरक्षा बलों ने मणिपुर में एनआईए जांच वाले मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में एनआईए जांच वाले मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में एनआईए जांच वाले मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया
Modified Date: June 19, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: June 19, 2026 10:37 pm IST

मणिपुर, 19 जून (भाषा) सुरक्षा बलों ने मणिपुर के अलग-अलग जिलों से राष्ट्रीय अन्वेषण अधिकरण (एनआईए) द्वारा जांच किए जा रहे कई मामलों में आरोपी दस लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार, एनआईए के मामलों में मणिपुर पुलिस, एनआईए और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने चुराचांदपुर, इम्फाल और उखरुल समेत कई जिलों में छापेमारी कर दस आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि इन मामलों में उखरुल में पंजाब नेशनल बैंक में डकैती, 5वीं आईआरबी से हथियार लूटे जाने की घटना, जिरीबाम जिले में हमार महिला की हत्या, चार कुकी लोगों का अपहरण और हत्या, नारायणसेना में सीआरपीएफ पर हमला और मुख्यमंत्री के काफिले पर घात लगाकर किया गया हमला शामिल है।

उखरुल स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा से 30 नवंबर, 2023 को 18.85 करोड़ रुपये लूट लिए गए थे।

बिष्णुपुर जिले के नारायणसेना स्थित इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) शिविर पर 27 अप्रैल, 2024 को हुए हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान मारे गए थे और दो अन्य घायल हुए थे।

संदिग्ध उग्रवादियों ने 10 जून, 2024 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के अग्रिम सुरक्षा काफिले पर घात लगाकर हमला किया था, जिसमें कम से कम एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। यह हमला कांगपोकपी जिले के कोटलेन गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर उस समय हुआ था, जब सुरक्षा दल मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के लिए जिरीबाम जा रहा था।

इस बीच, प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के स्वयंभू लेफ्टिनेंट कर्नल को शुक्रवार को इम्फाल पूर्वी जिले के कोंगबा बाजार से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान 48 वर्षीय सारंगथेम जयेंता मेइती के रूप में हुई है।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में