नोएडा, 21 मार्च (भाषा) नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन समारोह से पहले जेवर क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पांच अस्थायी जांच चौकियां स्थापित की गई हैं, जिनमें तीन चौकियां हवाई अड्डा परिसर के भीतर और दो एक्सप्रेसवे व आसपास के क्षेत्रों की निगरानी के लिए बनाई गई हैं।
उद्घाटन समारोह तक ये सभी चौकियां सक्रिय रहेंगी।
हवाई अड्डा की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा पहुंचेंगे।
उनके दौरे से पहले पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिए सात नए पीआरवी/पीसीआर वाहन भी तैनात किए गए हैं, जो आधुनिक उपकरणों से लैस हैं।
बयान में बताया गया कि एक वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक गश्त करेगा जबकि अन्य वाहन हवाई अड्डा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे।
पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि सभी कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाषा सं जितेंद्र
जितेंद्र