संबलपुर में जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

Ads

संबलपुर में जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 11:53 AM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 11:53 AM IST

संबलपुर, दो मार्च (भाषा) ओडिशा के संबलपुर में जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे भवन की तलाशी ली और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ओड़िया भाषा में लिखा गया यह धमकी भरा ईमेल रविवार रात करीब 10 बजे प्राप्त हुआ था। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते, धातु पहचान यंत्र और अन्य उपकरणों की मदद से अदालत परिसर के कोने-कोने की तलाशी ली। हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान सोमवार सुबह भी जारी रहा। पिछले दो महीनों में अधिकारियों को मिलने वाली यह इस तरह की तीसरी धमकी है। इससे पहले भी दो बार ईमेल के जरिए इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह तक अदालत परिसर की जांच पूरी कर ली गई और कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

पिछले महीने भी ओडिशा की कई अन्य अदालतों को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, लेकिन वे सभी फर्जी निकलीं।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव