वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरई के लिए हुए रवाना

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरई के लिए हुए रवाना

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरई के लिए हुए रवाना
Modified Date: March 31, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: March 31, 2026 8:31 pm IST

जयपुर, 31 मार्च (भाषा) राजस्थान के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत मंगलवार को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरै के लिए विशेष ट्रेन को देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कुमावत ने वरिष्ठ तीर्थयात्रियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 की यह अंतिम ट्रेन थी और इसमें जयपुर, कोटा एवं भरतपुर संभागों के कुल 990 वरिष्ठजन रामेश्वरम-मदुरई के लिए रवाना हुए हैं।

दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से 400 यात्री, जबकि सवाईमाधोपुर से 120 एवं कोटा रेलवे स्टेशन से 470 यात्री तीर्थयात्रा पर रवाना हुए।

यह ट्रेन दो अप्रेल को रामेश्वरम पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव रामेश्वरम में एक दिन का होगा। यहां पर सभी श्रद्धालुओं को हिंदु धर्म के महत्वपूर्ण चार धाम में से एक एवं देश के मुख्य रामनाथ स्वामी मंदिर, ज्योर्तिलिंग एवं मणी दर्शन करवाए जाएंगे। साथ ही धनुष कोड़ी में रामसेतु के पानी में तैरते हुए पत्थरों के भी दर्शन कराए जाएंगे।

अगले दिन सभी यात्रियों को ट्रेन से मदुरै ले जाया जाएगा, जहां उन्हें मीनाश्री मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे। मदुरै के बाद ट्रेन सात अप्रेल को जयपुर लौटेगी।

देवस्थान मंत्री ने बताया कि बजट घोषणा-2025-26 के तहत इस बार मार्च-2026 तक 56 ट्रेनों के जरिए 50 हजार वरिष्ठजनों को देशभर के तीर्थस्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि इसी तरह कुल 83 उड़ानों के जरिए छह हजार वरिष्ठजनों को काठमांडु, नेपाल के पशुपतिनाथ के दर्शन करवाए जा चुके हैं।

कुमावत ने बताया कि अब वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं अन्य तैयारियों को लेकर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में