कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमनुरू शिवशंकरप्पा का 95 वर्ष की आयु में निधन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमनुरू शिवशंकरप्पा का 95 वर्ष की आयु में निधन
Today Live News and Updates 15th december 2025/ image source: IBC24
बेंगलुरु, 14 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस के दिग्गज नेता और कर्नाटक के सबसे वरिष्ठ विधायक शमनुरु शिवशंकरप्पा का रविवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में आयु संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे।
उनके परिवार में तीन बेटे और चार बेटियां हैं। उनके बेटे एस एस मल्लिकार्जुन कर्नाटक सरकार में खान एवं भूविज्ञान तथा बागवानी मंत्री हैं। उनकी पुत्रवधू प्रभा मल्लिकार्जुन दावणगेरे से सांसद हैं।
स्पर्श अस्पताल के चिकित्सक और परिवार के सदस्य डॉ. शरण पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि शिवशंकरप्पा को 23 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘आयु संबंधी समस्याएं थीं। वह अंत तक ठीक और सहज थे। दुर्भाग्यवश, उनका निधन शाम 6:20 बजे हो गया।’’
दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवशंकरप्पा लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कोषाध्यक्ष रहे और अखिल भारतीय वीरशैव महासभा के अध्यक्ष भी थे, जो प्रभावशाली वीरशैव-लिंगायत समुदाय का शीर्ष निकाय है। वह छह बार विधायक रहे और मंत्री तथा सांसद भी रह चुके थे।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन को लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।
उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा समेत कई नेताओं ने उनके निधन को देश और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
भारतीय जनता पार्टी के नेता बी एस येदियुरप्पा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रिय बड़े भाई को खो दिया है।
वह शिक्षा और उद्योग जगत में भी एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


