जयपुर, आठ जुलाई (भाषा) राजस्थान के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के एक वरिष्ठ प्रोफेसर ने बुधवार सुबह जयपुर स्थित अपने घर में कथित रूप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, डॉ. एन. एल. डिसानिया झोटवाड़ा क्षेत्र स्थित अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर गए और टीनशेड में लगे हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि डॉ. डिसानिया का बेटा अविनाश बुधवार सुबह छह बजे बहन को जयपुर हवाई अड्डा छोड़ने गया था और परिवार के दूसरे सदस्य शादी में गए थे, जिसके चलते डिसानिा घर पर अकेले थे।
पुलिस के अनुसार जब बेटा वापस घर लौटा तो उसने डिसानिया को फंदे पर लटका देखा और तत्काल नजदीकी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डिसानिया (58) सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ प्रोफेसर थे और फोरेंसिक मेडिसिन के विशेषज्ञ थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
झोटवाड़ा थाने के सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
उन्होंने कहा, ‘मामले की जांच की जा रही है।’
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब