तृणमूल कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा : शुभेंदु अधिकारी
तृणमूल कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज किया जा रहा : शुभेंदु अधिकारी
कोलकाता, 10 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के शुरुआती दौर से जुड़े लोगों को अब पार्टी के भीतर “निशाना बनाया जा रहा है, नजरअंदाज किया जा रहा है और अपमानित किया जा रहा है।”
अधिकारी ने आरोप लगाया कि 2000 के दशक के शुरुआती वर्षों में तृणमूल कांग्रेस का जनाधार बढ़ाते समय कई नेताओं को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के “अत्याचारों” का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब उन्हें अपनी ही पार्टी में हाशिये पर डाला जा रहा है।
अधिकारी ने ऐसे नेताओं से भाजपा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व बर्धवान जिले के मंगलकोट से तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकास नारायण चौधरी को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।
अधिकारी ने दावा किया, “विकास दा क्षेत्र के एक सम्मानित नेता हैं, जिन्होंने 2009 में मंगलकोट में माकपा के खिलाफ प्रदर्शनों का नेतृत्व किया था। वह कई बार जिला परिषद से चुनाव जीत चुके हैं। तृणमूल कांग्रेस के मौजूदा नेतृत्व के तहत अपमानित और उपेक्षित होने के बाद उन्होंने अंततः भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।”
भाषा
राखी पारुल
पारुल

Facebook


