मणिपुर में अवैध हथियार रखने के आरोप में सात लोग गिरफ्तार

मणिपुर में अवैध हथियार रखने के आरोप में सात लोग गिरफ्तार

मणिपुर में अवैध हथियार रखने के आरोप में सात लोग गिरफ्तार
Modified Date: July 16, 2026 / 11:19 am IST
Published Date: July 16, 2026 11:19 am IST

इंफाल, 16 जुलाई (भाषा) मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में सुरक्षा बलों ने अवैध हथियार रखने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को उखरुल जिले के सिकिबुंग गांव के चार निवासियों को गिरफ्तार किया।

इनकी गिरफ्तारी छह जुलाई को असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के आरोपियों की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान की गई। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए थे।

गौरतलब है कि उखरुल जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर नुंगशांग खोंग के पास शांगशाक क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर हमला कर दिया था। इस मामले में पहले ही तीन लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चार लोगों के कब्जे से दो एसबीबीएल बंदूकें, एसबीबीएल के कारतूस और एक वायरलेस संचार उपकरण बरामद किया गया।

इसी तरह, सुरक्षा बलों ने बुधवार को इंफाल पूर्व जिले के खुरई अहोंगई इलाके से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी-एमसी (प्रोग्रेसिव) के एक सक्रिय सदस्य को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को ही इंफाल पूर्व जिले के खुरई लैरिक्येंगबाम क्षेत्र के रहने वाले दो अन्य लोगों को भी उनके इलाके से गिरफ्तार किया गया।

उनके कब्जे से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, तीन वर्ष पहले मणिपुर में जातीय हिंसा भड़कने के बाद से सुरक्षा बल राज्य के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में लगातार तलाशी अभियान और क्षेत्र में प्रभुत्व स्थापित करने की कार्रवाई चला रहे हैं।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में