उत्तम नगर में होली विवाद के सिलसिले में सात और लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

उत्तम नगर में होली विवाद के सिलसिले में सात और लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया

उत्तम नगर में होली विवाद के सिलसिले में सात और लोग गिरफ्तार, एक नाबालिग भी पकड़ा गया
Modified Date: March 9, 2026 / 01:44 pm IST
Published Date: March 9, 2026 1:44 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के सिलसिले में सात और लोगों को गिरफ्तार किया है तथा एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक कुल 14 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं तथा दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालिया कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए लोगों में तीन महिलाएं भी हैं जिनकी पहचान सायरा उर्फ ​​काली (40), शरीफान (50) और सलमा (36) के रूप में हुई हैं। ये सभी उत्तम नगर की निवासी हैं।

अधिकारी ने बताया कि उन्हें घटना के संबंध में पूछताछ के लिए पहले ही हिरासत में लिया गया था।

अधिकारी के अनुसार गिरफ्तार अन्य आरोपियों में सुहैल उर्फ ​​साहिल (21), समीर चौहान (20), फिरोज (22) और इस्माइल (50) शामिल हैं तथा ये सभी भी इसी इलाके के निवासी हैं।

पुलिस ने बताया कि हिंसा में शामिल होने के आरोप में 14 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सायरा उर्फ काली वही महिला थी जिससे कथित तौर पर विवाद हुआ था। यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब पीड़ित परिवार की एक छोटी बच्ची ने पानी का गुब्बारा फेंका, जो पास से गुजर रही काली पर फट गया और उस पर पानी के छींटे पड़ गए।

इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई जो चार मार्च को घनी आबादी वाले जेजे कॉलोनी क्षेत्र में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।

पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान, कथित तौर पर कई लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर हमला किया तथा घायल तरुण की अस्पताल में पांच मार्च को मौत हो गई।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है जिसके मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई।

द्वारका के उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम झड़प में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं तथा मामले की जांच जारी है।

भाषा प्रचेता राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में