(फोटो के साथ)
मेंढर/जम्मू, 10 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर उपमंडल के अरी क्षेत्र में शुक्रवार को भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गये और कई लोग फंस गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर कम से कम 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने भी बच्चों समेत फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मदद की।
उन्होंने बताया कि बाढ़ में लगभग छह मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि अरी गांव को जोड़ने वाली सड़क लगभग एक घंटे तक बंद रही क्योंकि बाढ़ के पानी और मलबे के कारण यातायात बाधित हो गया था।
उपमंडल मजिस्ट्रेट इमरान राशिद और एसडीपीओ तौसीफ अहमद बचाव एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
भाषा देवेंद्र शोभना
शोभना