राजस्थान में तेज गर्मी, सप्ताहांत आंधी-बारिश की संभावना

राजस्थान में तेज गर्मी, सप्ताहांत आंधी-बारिश की संभावना

राजस्थान में तेज गर्मी, सप्ताहांत आंधी-बारिश की संभावना
Modified Date: March 11, 2026 / 11:15 am IST
Published Date: March 11, 2026 11:15 am IST

जयपुर, 11 मार्च (भाषा) राजस्थान में मार्च के महीने में आसामान्य रूप से तेज गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताहांत आंधी-बारिश की संभावना है जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आएगी।

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार इस समय राज्य के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच है जो सामान्य से 4 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

बुधवार सुबह तक के बीते 24 घंटों में सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। झुंझुनू के पिलानी में यह 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतर भागों में आगामी तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है और अगले 48 घंटे तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने तथा 10-11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है।

वहीं 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। इसी तरह 14-15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होगी तथा तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी।

भाषा पृथ्वी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में