अलप्पुझा में कॉलेज कर्मचारी से मारपीट के आरोप में एसएफआई कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज
अलप्पुझा में कॉलेज कर्मचारी से मारपीट के आरोप में एसएफआई कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज
अलप्पुझा (केरलम), 18 सितंबर (भाषा) केरलम के कायामकुलम में एमएसएम कॉलेज के एक कर्मचारी से कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने सात एसएफआई कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह घटना छात्रसंघ का चुनाव लड़ने वाले एक छात्र का दाखिला रद्द किए जाने के विरोध में एसएफआई के प्रदर्शन के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार, केरल विश्वविद्यालय ने हाल में अल अमीन नामक छात्र का दाखिला रद्द करने का निर्देश दिया था। उस पर आरोप है कि उसने निजी स्कूल में पूर्णकालिक शारीरिक शिक्षा शिक्षक के तौर पर काम करते हुए एमकॉम में दाखिला लिया था। एसएफआई ने उसे कॉलेज यूनियन अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया था।
पुलिस ने बताया कि एसएफआई कार्यकर्ताओं काशी, लियान्टो, अरविंद, सबीरशा, रिचु, वैभव चाको और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज परिषद कक्ष में घुसकर चुनाव सामग्री नष्ट करने की कोशिश की और कर्मचारी रामशाद रहीम के साथ मारपीट की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसएफआई ने आरोपों से इनकार किया है।
भाषा मनीषा
मनीषा

Facebook


