शाह ने जेवर, अगरतला हवाई अड्डों पर आव्रजन जांच स्थल का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया

शाह ने जेवर, अगरतला हवाई अड्डों पर आव्रजन जांच स्थल का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया

शाह ने जेवर, अगरतला हवाई अड्डों पर आव्रजन जांच स्थल का काम तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया
Modified Date: July 8, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: July 8, 2026 7:29 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जेवर और अगरतला हवाई अड्डों पर अधिकृत आव्रजन जांच स्थलों को जल्द से जल्द चालू किए जाने का बुधवार को निर्देश दिया।

शाह ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु के साथ देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आव्रजन प्रणाली का जायजा लिया।

उन्होंने निर्देश दिया कि 21 निर्माणाधीन हवाई अड्डों और बाकी 41 हवाई अड्डों को नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की ओर से तय सुरक्षा मानकों के अनुसार यात्री संख्या के आधार पर विकास के लिए प्राथमिकता दी जाए।

शाह ने कहा कि सभी 62 हवाई अड्डे दो साल के भीतर पूरी तरह से चालू हो जाने चाहिए, ताकि यात्रियों की सुविधा बढ़ाई जा सके और यह भी सुनिश्चित किया जा सके कि व्यावसायिक इलाके तय नियमों का पालन करें।

उन्होंने कहा कि 2027 तक सभी राज्यों के मुख्यालयों में विदेशियों के लिए क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) शुरू हो जाने चाहिए।

सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, “शाह ने अगरतला और जेवर हवाई अड्डों पर अधिकृत आव्रजन जांच स्थलों को जल्द से जल्द चालू किए जाने का भी निर्देश दिया।”

बयान के अनुसार, ‘फास्ट ट्रैक इमीग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम’ (एफटीआई-टीटीपी) को बढ़ावा देने के लिए शाह ने विमानन कंपनियों के साथ मिलकर एक ऐसी प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया, जिसके तहत अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट बुक करते समय यात्रियों को व्हॉट्सएप मैसेज भेजे जाएंगे और उन्हें एफटीआई-टीटीपी के लिए पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

बयान में कहा गया है कि शाह ने देशभर के सभी हवाई अड्डों पर चरणबद्ध तरीके से ‘ऑटोमेटेड एक्स-रे ट्रे रिटर्न सिस्टम’ (एटीआरएस) लगाने का आह्वान किया, ताकि मानव संसाधन की लागत कम की जा सके।

इसमें कहा गया है कि समीक्षा बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (आईबी) के निदेशक, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष और गृह मंत्रालय तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बयान के मुताबिक, शाह ने एक व्यापक ढांचा तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें हवाई अड्डों पर प्रवेश लेन, चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच लेन और आव्रजन काउंटर की आपसी निर्भरता को ध्यान में रखा जाए, ताकि किसी भी स्थल पर यात्रियों की आवाजाही में कोई रुकावट न आए।

बयान के अनुसार, शाह ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह सभी हवाई अड्डों पर यात्रियों की संख्या के आधार पर एयरोब्रिज की संख्या के लिए नियम तय करे।

उन्होंने कहा कि फिलहाल 16 बड़े हवाई अड्डों पर उपलब्ध सामान जमा करने की सुविधा बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही वाले अन्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर भी मुहैया कराई जानी जाहिए।

भाषा पारुल रंजन

रंजन


लेखक के बारे में