शाह ने बारिश से बेहाल केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से बात की
शाह ने बारिश से बेहाल केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से बात की
नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से बुधवार को फोन पर बात कर भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अलग-अलग फोन पर बात की।
अधिकारियों ने बताया कि शाह ने तीनों मुख्यमंत्रियों को बारिश से उत्पन्न हालात से निपटने में केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया।
शाह ने सतीशन से की गई बातचीत के दौरान वायनाड में भूस्खलन के बाद राज्य सरकार द्वारा चलाए गए बचाव और राहत कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। मंगलवार को जिले के मेप्पाडी पंचायत में करोड़ों रुपये की सड़क सुरंग परियोजना स्थल पर भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई थी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री से घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश देने को भी कहा।
सतीशन ने उन्हें बताया कि आज दिन में राज्य मंत्रिमंडल की हुई बैठक में पहले ही पूरे घटनाक्रम की जांच कराने का फैसला लिया जा चुका है।
वायनाड में हुई घटना में दस लोग घायल हुए और पांच लोग लापता हैं। इस घटना को ‘मानव-जनित आपदा’ करार दिया जा रहा है।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बुधवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिसकी वजह से उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और कार्यालय जाने वालों को परेशानी हुई। सप्ताहांत में शहर में भारी बारिश हुई थी और मंगलवार को थोड़ी राहत मिली थी।
पड़ोसी पालघर जिले के वसई-विरार रेल खंड और दक्षिण गुजरात में कई जगहों पर जलजमाव के कारण गुजरात जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।
भोर घाट खंड पर सोमवार को भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर भी ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बहाल नहीं की जा सकी हैं।
नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई को पीने का पानी आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में से एक तुलसी झील, जलसंग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से लबालब भर गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों में दिन के दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी गुजरात में भी मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर सूरत जिले में देखने को मिला, जहां बारिश जनित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों से 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि सूरत जिले के कामरेज तालुका में मंगलवार को शाम चार बजे समाप्त हुए 10 घंटों में रिकॉर्ड 305 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर मंगलवार को नवसारी जिले और सूरत में शिक्षण संस्थान बंद रहे।
आईएमडी ने मंगलवार को राज्य के लिए दोपहर के पूर्वानुमान में कहा था, ‘‘पिछले 24 घंटों में दक्षिण गुजरात क्षेत्र के जिलों – सूरत, वलसाड और दादरा एवं नगर हवेली – में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हुई।’’
सूरत नगर निगम के आयुक्त एम. नागराजन ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों से लगभग 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है।
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज करंट लगने से दो लोगों की मौत होने की जानकारी मिली, जबकि एक और व्यक्ति की मौत कामरेज इलाके में हुई। सोमवार को सूरत के रांदेर इलाके में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी।’’
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने ठाठरी शहर के ऊपरी इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई घरों, दुकानों और गाड़ियों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा।
पहाड़ी इलाके में हुई भारी बारिश के बाद, इस हफ्ते डोडा और किश्तवाड़ जिलों में यह इस तरह की तीसरी घटना थी।
अधिकारियों ने बताया कि ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे बड़े पत्थर, कीचड़ और मलबा ठाठरी शहर में आ गया।
उन्होंने बताया कि अचानक आई बाढ़ के कारण डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग भी ठाठरी के पास बाधित हो गया, जिससे इलाके में गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना लगातार बारिश की वजह से आई अचानक बाढ़ के एक दिन बाद हुई, जिसमें निर्माणाधीन 540 मेगावाट की क्वार जलविद्युत परियोजना के पास डोडा-किश्तवाड़ राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था।
भाषा
धीरज मनीषा
मनीषा

Facebook


