जीटीबी अस्पताल की आपात सेवाओं को राजीव गांधी अस्पताल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिय हुई तेज
जीटीबी अस्पताल की आपात सेवाओं को राजीव गांधी अस्पताल में स्थानांतरित करने की प्रक्रिय हुई तेज
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल से आपातकालीन सेवाओं को राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में स्थानांतरित करने का प्रायोगिक परीक्षण बृहस्पतिवार को एक अहम चरण में पहुंच गया, जब नए ऑपरेशन थिएटर परिसर में दो सर्जरी की गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जीटीबी अस्पताल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नए आपातकालीन केंद्र के संचालन संबंधी परीक्षण के तहत एक न्यूरोसर्जरी और एक ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई।
अस्पताल ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं के चरणबद्ध स्थानांतरण की परीक्षण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत मरीजों को भर्ती किया जा रहा है और व्यवस्थाओं का संचालन संबंधी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का स्थानांतरण बिना किसी बाधा के सुनिश्चित किया जा सके।
अस्पताल ने कहा कि चरणबद्ध स्थानांतरण के तहत मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स विभागों तथा ऑपरेशन थिएटर (ओटी) कॉम्प्लेक्स को स्थानांतरित किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि नई आपातकालीन इकाई में चौबीसों घंटे प्रयोगशाला (लैब) सेवाओं का सहयोग जीटीबी अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराया जाता रहेगा, ताकि जांच संबंधी सेवाएं बिना किसी व्यवधान के जारी रह सकें।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य आपातकालीन सेवाओं के पूर्ण स्थानांतरण से पहले बुनियादी ढांचे, चिकित्सकीय कार्यप्रणाली और सहायक सेवाओं की तैयारियों की जांच करना है।
अस्पताल प्रशासन सात जुलाई तक संपूर्ण आपातकालीन सेवाओं को राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में स्थानांतरित करने की दिशा में काम कर रहा है।
बयान में कहा गया है कि इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्थानांतरण प्रक्रिया का मरीजों की देखभाल और उपचार सेवाओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


