शिमलाः पब्बर नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
शिमलाः पब्बर नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
शिमला, 26 अगस्त (भाषा) शिमला जिले में पब्बर नदी में तैरते समय तेज बहाव की चपेट में आए 16 वर्षीय दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
लापता किशोरों की पहचान रोहड़ू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बालक) के छात्र शिवेन रोशन (16) और सक्षम (16) के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार शाम को उस समय हुई जब दोनों स्कूल से लौटने के बाद नदी में तैरने गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और खोज व बचाव अभियान शुरू किया।
रात होने के कारण अभियान को रोक दिया गया था, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया गया।
शिमला से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान में शामिल हुई।
अधिकारियों ने बताया कि कई घंटों के तलाशी अभियान के बाद किशोरों के शव बरामद कर लिए गए।
घटना की पुष्टि करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है।
भाषा
सुमित नरेश
नरेश

Facebook


