शिवसेना (उबाठा) ने पहलगाम हमले की पहली बरसी पर जम्मू में ताबूत मार्च निकाला

शिवसेना (उबाठा) ने पहलगाम हमले की पहली बरसी पर जम्मू में ताबूत मार्च निकाला

शिवसेना (उबाठा) ने पहलगाम हमले की पहली बरसी पर जम्मू में ताबूत मार्च निकाला
Modified Date: April 22, 2026 / 03:08 pm IST
Published Date: April 22, 2026 3:08 pm IST

जम्मू, 22 अप्रैल (भाषा) पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी और इस क्रूर घटना में जान गंवाने वाले 26 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सदस्यों ने अपने कंधों पर एक हरा ताबूत लेकर बुधवार को जम्मू में प्रतीकात्मक विरोध मार्च निकाला।

पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के प्रति अपना कड़ा विरोध जताते हुए, प्रदर्शनकारियों ने एक प्रतीकात्मक पुतला भी जलाया। इसके जरिए उन्होंने सीमा-पार से जुड़े उस हमले की निंदा की, जिसने पिछले साल इसी दिन पहलगाम की बैसरन घाटी में तबाही मचाई थी।

शिवसेना (उबाठा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष मनीष साहनी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी हरे रंग का एक ताबूत लेकर निकले, जिस पर पाकिस्तान के झंडे की प्रतिकृतियां लगी हुई थीं। उन्होंने पड़ोसी देश के खिलाफ ज़ोरदार नारे लगाते हुए मार्च किया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘‘आतंकवादियों की पहचान-पाकिस्तान, पाकिस्तान’’ के नारों के बीच प्रतीकात्मक ताबूत में आग लगाने से पहले ‘‘पाकिस्तान हाय-हाय’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ जैसे नारे लगाए।

साहनी ने कहा, ‘‘यह ताबूत पाकिस्तान-समर्थित आतंकवाद का प्रतीक है। यह पाकिस्तान के लिए हमारी सीधी और अंतिम चेतावनी है कि वह ऐसी गतिविधियों से बाज आए। अन्यथा, पूरे पाकिस्तान को इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे।’’

भाषा आशीष अमित

अमित


लेखक के बारे में