शिवकुमार अध्यक्ष होने के नाते स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं: परमेश्वर
शिवकुमार अध्यक्ष होने के नाते स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं: परमेश्वर
बेंगलुरु, दो मई (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने शनिवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान पर निर्भर है।
सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जारी अटकलों के बीच, उन्होंने शिवकुमार को “गुड लक” कहा।
मुख्यमंत्री पद के लिए शिवकुमार की आकांक्षा पर पूछे गए सवाल के जवाब में परमेश्वर कहा, ‘‘मैंने हमेशा उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इसके अलावा कुछ नहीं; हम अच्छे दोस्त हैं। वह पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के अध्यक्ष हैं, और स्वाभाविक रूप से उनकी इच्छा मुख्यमंत्री बनने की है। इसमें कोई आपत्ति नहीं कर सकता। लेकिन यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आलाकमान क्या निर्णय लेता है।”
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “हर बार मुख्यमंत्री के मुद्दे पर वापस मत जाइए। कृपया समझिए कि इसके बारे में, मैं कुछ नहीं बता सकता। अगर मैं निर्णय लेने वाली समिति का हिस्सा होता या उसके अंदर होता, तो निश्चित रूप से जानकारी दे सकता था।”
डी के शिवकुमार के समर्थक 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के समय मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के साथ कथित सत्ता-साझेदारी समझौते के अनुरूप उनके पदोन्नयन (मुख्यमंत्री बनाए जाने) की मांग कर रहे हैं।
कुछ समर्थकों ने तो यह भी दावा किया है कि 15 मई तक “अच्छी खबर” मिल सकती है, जो शिवकुमार का जन्मदिन है।
कांग्रेस और राजनीतिक हलकों में ये अटकलें भी हैं कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे, साथ ही कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के परिणाम 4 मई को आने के बाद नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल संभव है।
हालांकि, मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा कि कर्नाटक में “फिलहाल” मुख्यमंत्री बदलने का कोई सवाल नहीं है और राज्य में नेतृत्व का मुद्दा जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।
भाषा रंजन रंजन नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


