बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपील की
बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग की अपील की
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) संसद का मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू और व्यवस्थित ढंग से चलाने में पूरा सहयोग देने की अपील की, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हो सके।
बिरला ने कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए रचनात्मक विचार-विमर्श, सार्थक भागीदारी और संसदीय परंपराओं के उच्चतम मानकों के पालन के महत्व पर जोर दिया।
बैठक में हुई बातचीत से अवगत एक अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष ने सभी दलों से सुचारू और व्यवस्थित तरीके से सत्र चलाने में सहयोग देने की अपील की, ताकि लोगों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हो सके।
बिरला ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जनहित के मुद्दों पर अपने विचार रखने के लिए लोकसभा में आमंत्रित भी किया।
बैठक में सरकार और विपक्षी दलों के सदस्यों ने सत्र के दौरान उठाए जाने वाले विधायी और अन्य कार्यों पर अपने विचार रखे।
सदस्यों ने सत्र के दौरान चर्चा के लिए जनहित और राष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दे भी सुझाए और बीएसी ने इन सुझावों का संज्ञान लिया।
वहीं, एक अन्य अधिकारी ने बताया कि विभिन्न विषयों पर चर्चा के कार्यक्रम और अलग-अलग कार्यों के लिए समय का आवंटन स्थापित संसदीय प्रक्रियाओं के अनुसार तथा सरकार और विपक्षी दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद तय किया जाएगा।
अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि सभी सदस्य व्यापक जनहित में मानसून सत्र को उत्पादक और गरिमापूर्ण बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
भाषा हक सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


