राजनाथ सिंह और वियतनाम के उप प्रधानमंत्री ने रक्षा संबंधों को मजबूत बनने पर की चर्चा
राजनाथ सिंह और वियतनाम के उप प्रधानमंत्री ने रक्षा संबंधों को मजबूत बनने पर की चर्चा
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को वियतनाम के उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने समुद्री और औद्योगिक सहयोग बढ़ाकर रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बैठक में ‘बढ़ते रणनीतिक विश्वास’ की झलक मिली, जो भारत और वियतनाम के बीच गहरी और व्यापक रणनीतिक साझेदारी को दर्शाती है।
एक बयान में कहा गया, ‘‘चर्चा समुद्री सहयोग बढ़ाकर, रक्षा उद्योग सहयोग का विस्तार करके और संयुक्त अनुसंधान, सह-विकास और सह-उत्पादन पहल को बढ़ावा देकर रक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर केंद्रित थी।’’
दोनों पक्षों ने संयुक्त अभ्यासों और संस्थागत संवाद प्रणाली सहित रक्षा बलों के बीच नियमित संपर्क के महत्व पर भी जोर दिया।
दोनों नेताओं ने जारी रक्षा सहयोग की समीक्षा की और उच्च स्तरीय आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और दक्षता विकास पहल सहित द्विपक्षीय गतिविधियों में हो रही निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने रणनीतिक हितों के लिहाज से विशेष रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ते तालमेल को स्वीकार किया।
सिंह ने भारत के ‘महासागर’ (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) दृष्टिकोण के अनुरूप वियतनाम के साथ सहयोग करने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों नेताओं ने पारस्परिक चिंता के क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया और शांति, स्थिरता और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।
सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वार्ता का मुख्य उद्देश्य भारत और वियतनाम के बीच रक्षा सहयोग को और अधिक मजबूत बनाना रहा।
भाषा संतोष आशीष
आशीष

Facebook


